पीएम मोदी आज काशी में, नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का करेंगे दीदार

Date:

प्रधानमंत्री मोदी आज काशी में, नमो घाट पर देखेंगे ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो

अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का करेंगे उद्घाटन, करीब 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद, गंगा के ऊपर दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य

पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत बिंदुओं पर अभिनंदन की तैयारी, ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और पुष्पवर्षा से होगा स्वागत

वाराणसी, 
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे और नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का प्रदर्शन देखेंगे। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ के अंतिम दिन गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य विमानों के हवाई करतब देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी प्रस्तावित है।

अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे की शुरुआत मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई के उद्घाटन से होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से औद्योगिक इकाई जाएंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।प्रधानमंत्री यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। इस इकाई में लगभग 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। इससे क्षेत्र में महिला रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।योगी सरकार की निवेश प्रोत्साहन पहल ‘इन्वेस्ट यूपी’ के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की यह इकाई स्थापित की गई है। यहां अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधान तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों के निर्यात की भी योजना है। इकाई में उत्पादन के साथ स्थानीय महिलाओं के प्रशिक्षण और रोजगार पर भी जोर दिया गया है।

नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का प्रदर्शन

औद्योगिक इकाई के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए नमो घाट जाएंगे। यहां वह ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का प्रदर्शन देखेंगे। भारतीय वायुसेना के विमानों के हवाई करतबों के जरिए देश की हवाई शक्ति, तकनीकी दक्षता और सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। 22 और 24 अक्टूबर को आयोजित प्रदर्शनों के बाद आज, 25 अक्टूबर को इस  श्रृंखला का अंतिम एयर शो होगा। गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में होने वाला यह आयोजन शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

13 स्वागत बिंदुओं पर प्रधानमंत्री के अभिनंदन की तैयारी

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत बिंदु निर्धारित किए गए हैं। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी की गई है। काशी की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए संगीत और नृत्य के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लाइन के प्रवेश द्वार पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता स्वागत की जिम्मेदारी संभालेंगी।

कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी प्रस्तावित

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी प्रस्तावित है। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा केंद्रीय गृह राज्यमंत्री संजय सेठ के भी शामिल होने की संभावना है। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत अन्य मंत्रियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

एयर शो देखने के बाद प्रधानमंत्री के पुलिस लाइन से बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री के आज के दौरे में औद्योगिक विकास, महिला रोजगार और भारतीय वायुसेना की सामरिक क्षमता का प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

इंदौर ट्रैफिक अलर्ट: तीन इमली-पिपल्याहाना मार्ग पर बसों की आवाजाही पर रोक

 इंदौर   मूसाखेड़ी चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते तीन इमली...