मुरैना की पुरानी सब्जी मंडी में नगर निगम का बड़ा एक्शन, अतिक्रमण हटाया, दुकानदारों के चालान काटे
मुरैना
शहर की सबसे व्यस्त दत्तपुरा पुरानी सब्जी मंडी में फैली गंदगी और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाया। बुधवार को निगम की टीम ने मंडी परिसर और आसपास जमा कचरे की व्यापक सफाई कराई, वहीं अवैध अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। कार्रवाई के दौरान मंडी में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नगर निगम के विशेष अभियान में मदाखलत अमले ने उन दुकानदारों को चिन्हित किया जिन्होंने निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखकर रास्तों पर कब्जा कर रखा था। ऐसे दुकानदारों के चालान काटे गए और उन्हें भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी आकांक्षा दुबे ने बताया कि दत्तपुरा सब्जी मंडी में अब हर महीने दो बार विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य मंडी को साफ-सुथरा रखना, दुर्गंध और गंदगी से निजात दिलाना तथा आम नागरिकों और व्यापारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने सब्जी विक्रेताओं से अपील की कि वे सड़ी-गली सब्जियां और अन्य कचरा खुले में न फेंकें, बल्कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग से ही मंडी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
इस कार्रवाई में स्वास्थ्य अधिकारी जगदीश टैगोर, केशव सिंह सहित नगर निगम का मदाखलत अमला मौजूद रहा। निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी इसी तरह के विशेष सफाई एवं अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए जाएंगे।
नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र ठाकरे का कहना है कि, सब्जी मंडीयो में महीने में दो बार तो कम से कम सफाई होनी चाहिए इसे लेकर हमने अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं और इस कार्य का पालन भी अधिकारियों से कड़ाई से कराया जाएगा।
सत्येंद्र धाकरे
कमिश्नर नगरनिगम
मुरैना

