आतंकी इनपुट के बाद उत्तर प्रदेश हाई अलर्ट, एटीएस ने जांच तेज की

Date:

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास, विधानसभा से लेकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर आतंकी खतरे की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट घोषित किया गया है। एटीएस को सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी से जुड़े यूपी के कुछ अन्य युवकों के बारे में सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की छानबीन की जा रही है। एटीएस कमांडो को भी सक्रिय किया गया है। एटीएस ने शहजाद भट्टी और आबिद के इशारे पर देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों के खिलाफ अपनी जांच तेज कर दी है।

एटीएस ने बलरामपुर से पकड़े गए संदिग्ध आतंकी शहरोज को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की है। एटीएस अब तक पकड़े जा चुके डेढ़ दर्जन संदिग्ध आतंकियों के बीते दिनों के मूवमेंट की कड़ियों को भी जोड़ने का प्रयास कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े इन कट्टरपंथी युवकों का किन शहरों में अधिक मूवमेंट रहा है। इनके करीबियों को भी चिन्हित किया जा रहा है।

अब तक 200 से अधिक संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी हो चुकी है। आशंका है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर से अलग-अलग ग्रुप के माध्यम से जुड़े संदिग्ध आतंकियों तक असलहे व विस्फोटक भी पहुंचाए गए हैं। बलरामपुर निवासी शहरोज को भी मुंबई से भेजा गया था, जिसे राजस्थान जाकर असलहा और विस्फोटक हासिल करना था। अब तक पकड़े गए आरोपितों के मोबाइल फोन से मिले पाकिस्तानी नंबरों को लेकर भी छानबीन की जा रही है।

जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधि के बाद इंटेलिजेंस इनपुट
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को हुई आतंकी घटना के बाद इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर यूपी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सूत्रों के अनुसार यूपी में हमलों की साजिश के पीछे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क का हाथ होने का खास इनपुट है। इसके बाद लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा समेत अन्य जिलों में पूरी सतर्कता और अतिरिक्त चेकिंग के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

सीएम योगी ने भी बैठक कर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार रात डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश समेत अन्य वरिष्ठ अदिकारियों के साथ बैठक कर शांति-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखे जाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में पूरी मुस्तैदी बरते जाने के साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। डीजीपी ने एटीएस की पूरी टीम को लखनऊ और कांवण यात्रा से जुड़े जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने का निर्देश दिया है।

सूत्रों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों की गोलीबारी में एक मजदूर की मौत की घटना के बाद यह इनपुट सामने आया है। आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने यूपी में कट्टरपंथी युवकों के कई मॉड्यूल तैयार किए हैं। इनमें एक संदिग्ध आतंकियों के ग्रुप ने बिजनौर में वाहन को आग लगाने की घटना की थी। जिसके बाद एटीएस सक्रिय हुई थी।

भट्टी से जुड़े डेढ़ दर्जन संदिग्धों को पकड़ा गया
ढाई माह में शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े डेढ़ दर्जन संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा जा चुका है। इनमें बलरामपुर से पकड़े गए संदिग्ध आतंकी शहरोज को एटीएस पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। वह मुंबई में रहता था और शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था।शहजाद भट्टी ने संदिग्ध आतंकियों को यूपी में हमलों के अलग अलग टास्क सौंपे हैं। सोमवार से विधानसभा का मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है, जिसको देखते हुए सुरक्षा प्रबंध और कड़े किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

जीएसटी राजस्व में हरियाणा का दबदबा कायम, राष्ट्रीय औसत से दोगुनी रही वृद्धि

चंडीगढ़ पिछले साल राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) संग्रह...

रांची डीएसपीएमयू में स्नातक नामांकन का दूसरा अवसर, चांसलर पोर्टल दोबारा खुला

रांची  डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के स्नातक के 16...

967 करोड़ की लागत से बना हाई-स्पीड टेस्ट ट्रैक, 250 किमी रफ्तार होगी

जयपुर भारतीय रेलवे के इतिहास में राजस्थान एक नया और...

Punjab-Haryana HC का राहतभरा आदेश, 1999 JBT भर्ती मामले में शिक्षकों की नौकरी सुरक्षित

चंडीगढ़. करीब ढाई दशक से लंबित 1999 की 3,206 जेबीटी...