पूर्व कांग्रेसी नेता जगजोत सिंह पर हमला, हमलावरों ने काटे बाल

Date:

लुधियाना.

ढोलेवाल इलाके में बुधवार देर रात पूर्व कांग्रेसी नेता जगजोत सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट से खाना खाकर लौट रहे जगजोत पर इनोवा सवार सात से आठ हमलावरों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।

आरोप है कि हमलावरों ने कार में घुसने के बाद भी गोलियां चलाईं। इसके बाद दातर से सिर पर वार किए और पिस्तौल के बट से हमला कर उनके बाल काट दिए। वारदात के समय जगजोत की मां मनजीत कौर और साढ़े तीन साल का बेटा भी कार में मौजूद थे। घायल अवस्था में जगजोत खुद कार चलाकर सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हमले के पीछे पुरानी राजनीतिक रंजिश को कारण बताया है। मिल्लरगंज निवासी जगजोत सिंह के मुताबिक, बुधवार देर रात वह अपनी मां और बेटे के साथ ढोलेवाल स्थित मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। तीनों कार में बैठकर खाना खा रहे थे। वह बेटे के लिए पानी की बोतल लेने और बिल चुकाने कार से उतरे। इसी दौरान पीछे से आए सात से आठ युवकों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जगजोत का दावा है कि शुरुआती दो गोलियों से वह बच निकले और कार में बैठ गए, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा।

लात और आंख के पास लगे गोली के छर्रे
जगजोत ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कार लेकर निकलने की कोशिश के दौरान उन पर दातर से कई वार किए। सिर पर दस्तार के ऊपर से हमला किया गया और पिस्तौल के बट से भी चोट पहुंचाई गई। हमलावरों ने दातर से उनके बाल काट दिए। उन्होंने लात और आंख के पास गोली के छर्रे लगने की बात भी कही।

बिल चुकाने के लिए कार से उतरा था बेटा
जगजोत की मां मनजीत कौर के मुताबिक, उनका बेटा पानी की बोतल लेने और बिल चुकाने के लिए कार से उतरा था। कुछ देर बाद उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो वह गोलियों की आवाज के बीच कार की तरफ भाग रहा था। जगजोत के कार में बैठते ही हमलावरों ने खिड़की के पास से फायरिंग शुरू कर दी। बेटे को बचाने की कोशिश में मनजीत कौर को भी चोट लगी और उनके चेहरे पर जख्म हो गया। इस दौरान कार में साढ़े तीन साल का बच्चा भी मौजूद था।

एक साल पहले घर पर हमले का भी आरोप
जगजोत ने बताया कि वह हमलावरों को पहले से जानते हैं। वह पहले कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन अब किसी राजनीतिक दल में नहीं हैं। हमलावर दूसरी पार्टी से जुड़े हैं और चुनावी रंजिश के चलते उन पर हमला किया। उन्होंने हमलावरों के जनता नगर इलाके से संबंधित होने का भी दावा किया। जगजोत प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और एनजीओ भी चलाते हैं। करीब एक साल पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके घर पर हमला कर फायरिंग की थी। इस बार उनकी कार पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। उन्होंने मौके पर .45 बोर का एक खाली खोल मिलने की बात कही है।

राजनीतिक रंजिश के चलते हमला: एसीपी
एसीपी अनुभव जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में हमला राजनीतिक रंजिश से जुड़ा सामने आया है। जसविंदर, दिलराज सिंह और खुशराज सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हमले में पिस्तौल का भी इस्तेमाल किया गया। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद दुर्ग राज्योत्सव रद्द, कार्यक्रम स्थगित

दुर्ग. छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवंबर से...

AAP की पहली लिस्ट जारी, धूरी से चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री भगवंत मान; चुनावी तैयारी तेज

चंडीगढ़  पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी...

होटल के पूल में नहाने उतरे पर्यटक, अचानक फैला करंट; दो विदेशी नागरिकों की गई जान

बेंगलुरु  कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक 5 स्‍टार होटल...