योजनाओं के लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करें, सभी जरूरतमंदों तक पहुँचाएँ लाभ : मंत्री कुशवाहा

Date:

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

भोपाल
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएँ। योजनाओं का लाभ सभी पात्र जरूरतमंदों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी और हितग्राहियों से संवाद आवश्यक है। मंत्री श्री कुशवाहा विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री के. सी. गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री श्री कुशवाहा ने कहा कि उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के साथ किसानों को खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे किसानों को योजनाओं की जानकारी दें और आवेदन से लेकर लाभ प्राप्त होने तक आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएँ। पात्र हितग्राहियों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहें।

मंत्री श्री कुशवाहा ने निर्देश दिए कि योजनावार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। स्वीकृत बजट का नियमानुसार और समय पर उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी योजना की राशि लैप्स नहीं हो। जिन जिलों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहाँ कठिनाइयों का समाधान कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला किसानों की आवश्यकताओं को समझकर कार्य करे और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखे।

मंत्री श्री कुशवाहा ने ग्वालियर में प्रस्तावित हाईटेक फ्लोरीकल्चर नर्सरी की स्थापना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए। इसके लिए संचालनालय स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भेजकर संबंधित विषयों का निराकरण कराया जाए।

अपर मुख्य सचिव श्री के. सी. गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों के लिए स्पष्ट समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें। प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित कर प्रगति की निगरानी की जाए। जिला अधिकारी विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति के साथ कार्यों की गुणवत्ता भी सुनिश्चित करें। हितग्राहीमूलक योजनाओं में प्राप्त आवेदनों की जाँच और निराकरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर किया जाए।  श्री गुप्ता ने कहा कि मैदानी अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं से वरिष्ठ कार्यालय को समय पर अवगत कराएँ। विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय से स्वीकृत कार्यों को गति दें। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, बजट उपयोग और आगामी कार्यों की प्राथमिकताओं की समीक्षा की गई।  

आयुक्त उद्यानिकी श्री सौरभ सुमन ने कहा कि विभागीय योजनाओं के सभी निर्धारित लक्ष्य नवंबर माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाएँगे। इसके लिए मैदानी स्तर पर कार्यों में तेजी लाकर प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभागीय योजनाओं के विस्तार और अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए केंद्र एवं राज्य शासन को अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव भी भेजे जाएँगे।

प्रबंध संचालक एमपी स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लि. श्री अरविन्द दुबे ने बताया कि एमपी एग्रो द्वारा उद्यानिकी विभाग के सभी प्रोजेक्ट पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह कार्य समय-सीमा में पूर्ण किये जायेंगे।        

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

रबी सीजन और दीपावली के लिये निर्बाध विद्युत आपूर्ति करें सुनिश्चित : ऊर्जा मंत्री तोमर

ऊर्जा मंत्री ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा भोपाल रबी सीजन...

छात्रों की सहभागिता से होगा समाज और राष्ट्र की समस्याओं का समाधान: परमार

उच्च शिक्षा विभाग ने सात राष्ट्रीय संस्थानों के साथ...

व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित हुआ सेवा-संकल्प अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर को कृषि वर्ष से...