हिंदू धर्म में हनुमान जी को संकटमोचन कहा जाता है. मान्यता है कि सच्चे मन से उनकी पूजा और भक्ति करने से व्यक्ति को मुश्किल समय में हिम्मत मिलती है और मन को शांति मिलती है. हनुमान जी को भगवान राम का परम भक्त माना जाता है. उनकी भक्ति, शक्ति और ज्ञान से जुड़ी कई स्तुतियां प्रचलित हैं, जिनमें हनुमान चालीसा, बजरंग बाण और हनुमान बाहुक प्रमुख हैं.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जी की इन तीनों स्तुतियों का पाठ अलग-अलग उद्देश्यों के लिए किया जाता है. हनुमान चालीसा का पाठ मनोबल बढ़ाने और डर दूर करने के लिए किया जाता है. वहीं, बजरंग बाण का पाठ संकट के समय किया जाता है, जबकि हनुमान बाहुक को स्वास्थ्य और शारीरिक पीड़ा से जुड़ी प्रार्थनाओं के लिए जाना जाता है. आइए ज्योतिष शैलेंद्र पांडे से जानते हैं कि इन तीनों स्तुतियों का क्या महत्व है, इनका पाठ कैसे करना चाहिए और इनसे जुड़ी मान्यताएं क्या हैं.
हनुमान जी कौन हैं और क्या है उनकी महिमा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जी भगवान राम के परम भक्त हैं. उन्हें भगवान शिव का अंशावतार भी माना जाता है. हनुमान जी को शक्ति, साहस और भक्ति का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि संकट के समय हनुमान जी को याद करने और उनकी पूजा करने से मन को हिम्मत मिलती है और परेशानियों का सामना करने की शक्ति मिलती है.
हनुमान चालीसा का महत्व
हनुमान जी की सबसे प्रसिद्ध स्तुति हनुमान चालीसा है. इसे गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा था. इसमें हनुमान जी की शक्ति, भक्ति और महिमा का वर्णन है. धार्मिक मान्यता है कि हनुमान चालीसा का पाठ करने से डर और चिंता दूर करने में मदद मिलती है. भक्त संकट के समय हिम्मत और मन की शांति पाने के लिए इसका पाठ करते हैं. इसे ज्ञान, बुद्धि और आत्मविश्वास से भी जोड़कर देखा जाता है.
हनुमान चालीसा का पाठ कैसे करें?
हनुमान चालीसा का पाठ सुबह या शाम को कर सकते हैं. पाठ करने से पहले भगवान राम और हनुमान जी को याद करें. इसके बाद अपनी श्रद्धा के अनुसार एक या तीन बार हनुमान चालीसा पढ़ें. पाठ पूरा होने पर सुख-शांति और परेशानियों से लड़ने की शक्ति देने की प्रार्थना करें.
बजरंग बाण का पाठ कब करना चाहिए?
बजरंग बाण भी हनुमान जी की प्रसिद्ध स्तुतियों में से एक है. इसमें उनकी शक्ति, वीरता और भगवान राम के प्रति भक्ति का वर्णन है. धार्मिक मान्यता है कि संकट या परेशानी के समय बजरंग बाण का पाठ किया जा सकता है. भक्त हनुमान जी से मदद और हिम्मत पाने के लिए इसका पाठ करते हैं. हालांकि, इसे रोज पढ़ना जरूरी नहीं माना जाता है.
बजरंग बाण पाठ करते समय ध्यान रखें ये बातें
बजरंग बाण पढ़ने से पहले भगवान राम और हनुमान जी को याद करें. इसका पाठ शांत मन और पूरी श्रद्धा के साथ करें. इसे डर के कारण नहीं, बल्कि भक्ति और प्रार्थना के भाव से पढ़ना चाहिए.
हनुमान बाहुक महत्व
हनुमान जी की प्रमुख स्तुतियों में हनुमान बाहुक का भी विशेष महत्व है. इसकी रचना गोस्वामी तुलसीदास जी ने की थी. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसीदास जी ने शारीरिक पीड़ा से परेशान होने पर इसकी रचना की थी. इसी वजह से भक्त शरीर में दर्द या स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के समय हनुमान बाहुक का पाठ करते हैं. मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक इसका पाठ करने से मन को शांति मिलती है और कठिन समय में हिम्मत मिलती है.
हनुमान बाहुक का पाठ कैसे करें?
हनुमान बाहुक का पाठ करने से पहले भगवान राम और हनुमान जी को याद करें. पाठ के समय पास में जल रखें. उसमें तुलसी के पत्ते डाल दें. पाठ पूरा होने के बाद इस जल को प्रसाद के रूप में ग्रहण कर सकते हैं.
हनुमान जी की पूजा में ध्यान रखें ये बातें
हनुमान जी की पूजा करते समय सच्चे मन से उनकी भक्ति करें. भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार हनुमान चालीसा, बजरंग बाण या हनुमान बाहुक का पाठ कर सकते हैं. पूजा से पहले भगवान राम को याद करना भी अच्छा माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जी के भक्तों को मांस-मदिरा से दूर रहना चाहिए. इसके साथ ही हमेशा सच बोलना, दूसरों की मदद करना और सभी के साथ अच्छा व्यवहार करना भी जरूरी माना जाता है.

