मधुबनी.
खजौली थाना क्षेत्र के ठाहर गांव में मंत्री अरुण शंकर के काफिले पर हुए हमले और हिंसक बवाल के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया है कि घटना के बाद चलाए गए विशेष अभियान में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मुख्य साजिशकर्ता के रूप में चिन्हित सुनील कुमार सिंह भी शामिल है।
एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार देर रात सदर एसडीएम, चार एसडीपीओ तथा दस थानों की पुलिस टीम के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। रात 11 बजे से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान ठाहर एवं उसके आसपास के गांवों में एक साथ दबिश दी गई। तड़के तक चले अभियान में सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
मामला पूरी तरह सुनियोजित साजिश
एसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पूरी तरह सुनियोजित साजिश का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित सुनील कुमार सिंह पर भीड़ को भड़काने तथा मंत्री के आगमन की सूचना प्रसारित कर लोगों को एकत्रित करने का आरोप है। पुलिस को मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। एसपी के अनुसार छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से छह मोबाइल फोन, लाठी-डंडे, पेट्रोल से भरी बोतलें तथा कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही
बरामद मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, जिससे घटना के पीछे सक्रिय लोगों और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि युवक की मौत के बाद उत्पन्न जनाक्रोश का लाभ उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को भड़काने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। ज्ञात हो कि ठाहर गांव में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था। इसी बीच मंत्री अरुण शंकर पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव
आरोप है कि इसी दौरान उग्र भीड़ ने काफिले को घेर लिया और वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। एसपी योगेन्द्र कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

