भोपाल
सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को सेवा संकल्प ज्योति यात्रा की तैयारियों को लेकर भोपाल जिले के मुख्य कार्यकम स्थल रविन्द्र भवन का दौरा किया। मंत्री सारंग ने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इसके साथ ही मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा के समस्त 17 वार्डों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री सारंग ने कार्यकर्ताओं को सभी तैयारियां तय समय पर पूर्ण करने और निर्धारित समय पर जिला मुख्यालय के मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा को समाज के प्रत्येक वर्ग को अवगत कराने के उद्देश्य से 7 अक्टूबर को देशभर में एक साथ सेवा संकल्प ज्योति यात्रा निकाली जा रही है। मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा के समस्त बूथों से यात्रा निकलते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भोपाल जिला मुख्यालय पर एकत्रित होंगी।
बूथ से लेकर जिला मुख्यालय तक यात्रा की जानकारी
सेवा ज्योति यात्रा में प्रत्येक बूथ से 20-20 कार्यकर्ता और लाभार्थी सम्मिलित होंगे। सबसे पहले बूथ कार्यकर्ता बाइक से अपने-अपने बूथ का भ्रमण करते हुए मंडल मुख्यालय पर पहुंचेंगे। मंडल पर एकत्रित होकर सभी कार्यकर्ता विधानसभा मुख्यालय पर पहुंचेंगे। विधानसभा मुख्यालय से जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल से 1 या 2 किमी दूर से पदयात्रा के रूप कार्यक्रम स्थल जहां विकसित भारत संकल्प सभा होना है वहां पहुंचेंगे। विधानसभा मुख्यालयों से सभी यात्रायें जिला मुख्यालय पर प्रातः 09:30 बजे तक पहुंचेंगी। जिला मुख्यालय सभा स्थल पर प्रातः 09:45 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल सभा को संबोधित करेंगे।

