छपरा
हरिहर क्षेत्र सोनपुर में नगर परिषद शहर के कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करने की तैयारी में है। गीले कचरे के निस्तारण के लिए प्रतिदिन 10 टन क्षमता का कंपोस्ट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके निर्माण, स्थापना और चालू करने पर 1.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
चयनित एजेंसी को पांच वर्षों तक प्लांट के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। इसके लिए नगर परिषद सोनपुर ने ई-टेंडरिंग के माध्यम से निविदा आमंत्रित की है।
निर्माण से संचालन तक एजेंसी की जिम्मेदारी
सोनपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से जारी निविदा सूचना संख्या 07/2026-27 के अनुसार, चयनित एजेंसी प्लांट का डिजाइन, निर्माण, स्थापना और उसे चालू करेगी। इसके बाद पांच वर्षों तक संचालन एवं रखरखाव करेगी।
परियोजना की अनुमानित लागत 1,32,73,800 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें टिपिंग शुल्क भी शामिल है। निविदा दस्तावेज का शुल्क 10 हजार रुपये है। अनुमानित लागत का दो प्रतिशत यानी 2,65,476 रुपये अग्रधन (ईएमडी) तथा 15 प्रतिशत यानी 5,63,690 रुपये कार्य निष्पादन प्रतिभूति निर्धारित की गई है। निविदा की वैधता 180 दिनों की होगी।
27 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
इस निविदा के कागजात 21 अक्टूबर से ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। 22 अक्टूबर को दोपहर दो से तीन बजे तक नगर परिषद कार्यालय में प्री-बिड बैठक होगी। इच्छुक संवेदकों को 27 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक आनलाइन प्रस्ताव अपलोड करना होगा। तकनीकी बीड 28 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे खोलने की जानकारी दी गई है। तकनीकी जांच के बाद वित्तीय बीड खोली जाएगी।
मूल कागजात जमा करना अनिवार्य
निविदा प्रसंस्करण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। अग्रधन, परिमाण विपत्र के मूल्य का बैंक ड्राफ्ट, सभी शपथपत्र और पूर्व प्रतिबद्धता से जुड़े कागजात मूल रूप में 28 अक्टूबर को शाम चार बजे तक जमा करने होंगे।
ये कागजात कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद सोनपुर अथवा कार्यपालक अभियंता, नगर विकास प्रमंडल, सारण के कार्यालय में जमा किए जाने हैं। परियोजना का खर्च स्वच्छ भारत मिशन, 18वें वित्त आयोग, षष्ठम राज्य वित्त आयोग या अन्य संबंधित योजना मद से वहन किया जाएगा।

